पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के अमरिया कस्बे में रामलीला मेले के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतकों में दो सगे भाई अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता शामिल थे, जबकि तीसरा मृतक 15 वर्षीय कुणाल श्रीवास्तव था. बताया जा रहा है कि रामलीला कमेटी की बैठक के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ था.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही एसपी सुकीर्ति माधव समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. घटनास्थल से एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध हथियार और डंडे भी बरामद किए गए हैं. फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
दरअसल सोमवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे रामलीला कमेटी की बैठक के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ गोलीबारी होने लगी.
आरोप है कि इस दौरान लाइसेंसी राइफल और अन्य हथियारों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं. गोली लगने से अंकित गुप्ता और 15 वर्षीय कुणाल श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंकित के सगे भाई मोहित गुप्ता ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. एक ही घटना में तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
एसपी सुकीर्ति माधव के मुताबिक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. घटनास्थल से एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध हथियार और कुछ डंडे भी बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में रामलीला कमेटी से जुड़े विवाद की बात सामने आई है.
हालांकि, विवाद की असली वजह और गोलीबारी में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. घटना के बाद तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
फिलहाल अमरिया में ट्रिपल मर्डर के बाद पुलिस अलर्ट पर है. तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार इतनी बड़ी वारदात में कैसे बदल गया. वहीं जानकारी मिली है कि मृतक का पक्ष मेले की कमेटी में अध्यक्ष है. सोमवार को मेले का पुराना हिसाब देना था.
Tags: