नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान हो गया है। इस नई टीम में बदलाव देखने को मिला है। करीब 11 साल से बीजेपी आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय को पद से हटा दिया गया है। छत्तीसगढ़ के दीपक महस्के कोसोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक और मीडिया गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। वे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। हाल ही में उन्हें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) का अध्यक्ष बनाया गया था। अब राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से छत्तीसगढ़ के राजनीतिक संगठन के लिए इसे बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। 
मीडिया और सोशल मीडिया विंग में इनको जिम्मेदारियां मिली हैं-
अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है.
आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है.
दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है.
प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है.
अमित मालवीय ने दी बधाई
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आईटी सेल से हटाए जाने के बाद अमित मालवीय ने X पर नई टीम को बधाई दी है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्तियां ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई हैं, जब पार्टी नई ऊंचाइयों को छूने और अपने संदेश व संगठन को देश के हर कोने तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। अमित मालवीय ने खास तौर पर दीपक म्हस्के को बधाई दी, जो उनके बाद BJP के सोशल मीडिया विभाग की कमान संभालेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया विभाग के सह-संयोजक प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को भी शुभकामनाएं दीं। 
मालवीय ने कहा कि उन्होंने पिछले एक दशक में इन सभी के साथ करीब से काम किया है और उन्हें भरोसा है कि इनके नेतृत्व में BJP का डिजिटल कम्युनिकेशन नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का डिजिटल संवाद दृढ़ता, रचनात्मकता और स्पष्टता के साथ भारत के सार्वजनिक विमर्श को आगे भी दिशा देता रहेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर BJP के बड़े समर्थन आधार को भी धन्यवाद दिया। 
दो मुस्लिम चेहरों को मिली जगह
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार (17 अगस्त) को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। इसमें राम माधव, लोकसभा सदस्य डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत 13 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की छाप इस लिस्ट पर साफ दिखाई पड़ती है। इसी लिहाज से पार्टी ने उत्तर प्रदेश से आठ चेहरों को लिस्ट में शामिल किया है। इनमें चार राष्ट्रीय पदाधिकारी और दो राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष शामिल हैं।
सबसे ज्यादा जिन दो नामों की चर्चा हो रही है, वो मुस्लिम चेहरे हैं, जिसे टीम नवीन में जगह दी गई है। नई टीम में प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है। बड़ी बात यह है कि ये दोनों ही नेता उत्तर प्रदेश से आते हैं।
कौन हैं प्रो. तारिक मंसूर
प्रोफेसर (डॉ.) तारिक मंसूर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक प्रमुख नेता और उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के सदस्य हैं। वह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के पूर्व कुलपति (वाइस चांसलर) हैं। उन्हें 2023 में पहली बार भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था और अब नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में भी उन्हें इस महत्वपूर्ण पद पर बरकरार रखा गया है। यानी उन्हें लगातार दूसरी बार पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें भाजपा का एक प्रमुख बौद्धिक और बड़ा मुस्लिम चेहरा माना जाता है।
वे 17 मई 2017 से 2 अप्रैल 2023 तक AMU के कुलपति रहे। कुलपति पद से इस्तीफा देने के बाद ही वे सक्रिय राजनीति में शामिल हुए थे। इसके फौरन बाद उन्हें 3 अप्रैल 2023 को उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया था। तब से वह MLC हैं। प्रो. तारिक मंसूर पसमांदा मुस्लिम समुदाय के बीच बीजेपी की पैठ गहरी करने पर काम करते रहे हैं। यूपी चुनाव से ऐन पहले पार्टी ने उन्हें फिर से राष्ट्रीय टीम में जगह देकर बड़ा संदेश दिया है।
कुंवर बासित अली कौन हैं?
कुंवर बासित अली लंबे समय से भाजपा में सक्रिय रहे हैं। वह उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। मेरठ जिले के किठौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कायस्थ बड्ढा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए 'कौमी चौपाल', मदरसों और दरगाहों में योग सत्र, और 'मोदी मित्र' जैसे अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नितिन नवीन के यूपी दौरे के दौरान मुस्लिम समाज और महिलाओं को जोड़ने की रणनीति की अगुवाई भी उन्होंने ही की थी। टीम नवीन में अली को अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा की नई टीम में और कौन-कौन?
भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, पार्टी ने बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बनाए रखा है। वहीं, अपनी आठ राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही ऐसे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं, जिन्हें पार्टी ने अपनी नयी टीम में बरकरार रखा है। भाजपा ने अलग-अलग राज्यों से 16 राष्ट्रीय सचिवों की अपनी टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नये चेहरों को शामिल किया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के अलावा वैजयंत जे. पांडा और रेखा वर्मा को भी उपाध्यक्ष बनाये रखा गया है।
Tags: