बंगाल। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भाजपा के एक कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कानाली गांव के पास शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान हाबूलाल गोप (45) के रूप में हुई है, जो आड़षा थाना क्षेत्र के बेलडी गांव के निवासी थे. भाजपा नेताओं के मुताबिक, हाबूलाल गोप पार्टी के शक्ति केंद्र प्रमुख और सक्रिय कार्यकर्ता थे.
परिजनों के मुताबिक हाबूलाल गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. अगले दिन उनका शव बरामद हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. परिजनों ने आरोप लगाया है कि हाबूलाल गोप की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है.
परिवार का कहना है कि हाबूलाल की राजनीतिक सक्रियता के कारण उन्हें निशाना बनाया गया. वहीं, भाजपा युवा मोर्चा और जिला नेतृत्व ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के पीछे की वजह पता चल सके.