Bangal बंगाल: दक्षिण 24 परगना के बसंती इलाके में विधानसभा उपचुनाव से पहले चुनावी माहौल गर्मा गया। गुरुवार दोपहर, बीजेपी उम्मीदवार विकास सरदार अपनी रैली के दौरान बसंती बाजार में अचानक हिंसा भड़कने की घटना हुई। बीजेपी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कुछ समर्थकों ने उनकी रैली पर हमला किया और दो मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की।
बीजेपी का कहना है कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ और पुलिस ने हमलावरों को रोकने में कोई कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हिंसा में बसंती पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर सौरभ गुहा भी घायल हो गए। बताया गया कि कुछ लोग उन्हें घेरकर बांस की लाठियों से पीटने लगे। पुलिस अधिकारी को जान बचाने के लिए भागना पड़ा।
बीजेपी उम्मीदवार विकास सरदार ने कहा कि हार के डर से तृणमूल कांग्रेस अब आतंक का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा, “सब कुछ अपनी आंखों से देखने के बावजूद पुलिस मूक दर्शक बनी रही।” वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों से इनकार किया।
बसंती और बारबराई क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है, जहां चुनाव के दौरान हिंसा की घटनाएं अक्सर होती हैं। तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि नियमों का पालन आवश्यक है और पुलिस पूरी तरह से चुनाव आयोग के अधीन है।
हालांकि, इलाके में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस सक्रिय है, और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। घटना ने बसंती विधानसभा उपचुनाव के दौरान राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।