Karnataka कर्नाटक। कर्नाटक में पूर्व मंत्री बी. नागेंद्र को दोबारा कैबिनेट में शामिल किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का विरोध लगातार जारी है। भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पिछले एक सप्ताह से राज्यभर में प्रदर्शन किया। इसी क्रम में आज बिदर में बीजेपी ने बी. नागेंद्र का पुतला फूंककर विरोध जताया और फिलहाल चल रहे आंदोलन को अस्थायी रूप से समाप्त करने की घोषणा की।
बीजेपी का आरोप है कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे व्यक्ति को मंत्रिमंडल में जगह देना गलत फैसला है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक बी. नागेंद्र इस्तीफा नहीं देते या मुख्यमंत्री उन्हें कैबिनेट से नहीं हटाते, तब तक बीजेपी अलग-अलग माध्यमों से अपना विरोध जारी रखेगी। बिदर में बीजेपी नेता भगवान्त खुबा ने कहा कि बी. नागेंद्र जैसे भ्रष्ट व्यक्ति को कैबिनेट में स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि कर्नाटक बीजेपी ने इस फैसले के खिलाफ विधानसभा के अंदर और बाहर प्रदर्शन किए हैं। इसके अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
भगवान्त खुबा ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से बीजेपी लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। उन्होंने बताया कि आज बी. नागेंद्र का पुतला जलाकर प्रदर्शन को कुछ समय के लिए समाप्त किया गया है, लेकिन आने वाले दिनों में पार्टी अपने आंदोलन को नए रूपों में जारी रखेगी।उन्होंने कहा कि बीजेपी आगे भी धरना, प्रदर्शन, सत्याग्रह और अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रमों के जरिए सरकार पर दबाव बनाएगी। पार्टी की मांग है कि मुख्यमंत्री तत्काल कार्रवाई करते हुए बी. नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाएं।
गौरतलब है कि बी. नागेंद्र को लेकर पहले भी राजनीतिक विवाद सामने आते रहे हैं। विपक्षी बीजेपी लगातार कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा रही है। वहीं, कांग्रेस की ओर से इस मामले में अपना पक्ष रखा गया है और बीजेपी के आरोपों को राजनीतिक विरोध बताया जाता रहा है। बी. नागेंद्र को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब कर्नाटक की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है। बीजेपी ने साफ कर दिया है कि जब तक उसकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक अलग-अलग स्तर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
Tags: