भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के हल्द्वानी में युवाओं से करेंगे संवाद
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य के दौरे पर हैं। वे गुरुवार को हल्द्वानी में 'युवा संवाद' कार्यक्रम के जरिए 'जेन-जी' से बातचीत करेंगे।
नितिन नवीन गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे युवाओं के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद, सुबह 11 बजे वह नैनीताल रोड पर वाटिका बैंक्वेट हॉल में 'पूर्व सैनिक सम्मेलन' को संबोधित करेंगे। दोपहर 3 बजे नितिन नवीन रुद्रपुर जाएंगे, जहां वह चुनावों से पहले समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचने की पार्टी की कोशिशों के तहत 'सिख गौरव सम्मेलन' में हिस्सा लेंगे।
वहीं, पार्टी की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पूरे राज्य से कुल 597 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक लगाने के मकसद से 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी कर रही है। इससे पहले, नितिन नवीन ने बुधवार को हल्द्वानी में विस्तारित राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी देवभूमि की ऊर्जा से प्रेरणा ले रही है और विकास व 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध है।
अपने संबोधन के दौरान, नितिन नवीन ने कई ऐसे मुद्दों पर बात की, जिन्हें भाजपा ने अपने शासन और राजनीतिक एजेंडे के मुख्य क्षेत्रों के रूप में शामिल किया है। इनमें बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, सैनिकों का सम्मान और कल्याण, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करना, महिला सशक्तिकरण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण के उपाय शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "देवभूमि की हवा, मिट्टी और पहाड़ साफ तौर पर बताते हैं कि इस जमीन को देवभूमि क्यों कहा जाता है। यह जमीन जो ताकत और ऊर्जा देती है, वह सिर्फ देश तक ही सीमित नहीं है। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपनी असली ताकत यहीं से मिलती है।"
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा का राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टिकोण 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत से प्रेरित है, जो उनके अनुसार पार्टी के कामकाज और फैसले लेने की प्रक्रिया में झलकता है। उन्होंने कहा, "भाजपा के लिए 'राष्ट्र पहले', 'पार्टी उसके बाद' और 'खुद सबसे आखिर में' का सिद्धांत है, और पार्टी इसी के अनुसार काम करती है।"