अंत्योदय के साथ-साथ भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए संकल्पित है भाजपा सरकारः फग्गन सिंह कुलस्ते

Update: 2023-09-10 13:23 GMT
सीधी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकारें सेवा, सुशासन, स्वराज और गरीब कल्याण के लिए भाजपा समर्पित हैं। केंद्र और राज्य सरकारों की दर्जनों योजनाएं लोगों का जीवन स्तर उठा रही हैं। गरीब कल्याण और अंत्योदय के साथ-साथ भाजपा की सरकारें भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए संकल्पित हैं, लेकिन इस संकल्प को पूरा करने के लिए आपका आशीर्वाद जरूरी है। यह बात केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने रविवार को सीधी के पूजा पार्क में विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कही। सभा को सांसद रीती पाठक एवं स्थानीय विधायक पं. केदारनाथ शुक्ला ने भी संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री कुलस्ते ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पेसा कानून लाकर जनजातीय समुदाय को उनका हक प्रदान करने में अतुलनीय सफलता हासिल की है। लाडली बहना योजना के अंतर्गत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। सागर में समरसता के प्रतीक संत रविदास का भव्य स्मारक 100 करोड़ की लागत से बनने जा रहा है। सरकार की गरीब कल्याण योजना के कारण प्रदेश में 1.36 करोड़ लोग गरीबी रेखा से मुक्त हुए हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 15.42 करोड़ के निवेश प्राप्त हुए, जिनसे 29 लाख युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 80 लाख से अधिक किसानों को प्रति वर्ष 12000 रुपए दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास शहरी और ग्रामीण योजनाओं में प्रदेश के 44 लाख परिवारों को पक्के मकान दिये गए हैं।
उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह की सरकार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। प्रदेश में न सड़क थी, ना बिजली थी और ना ही रोजगार के साधन उपलब्ध थे। पूरा प्रदेश खस्ता हाल हो गया था। वहीं, कांग्रेस की 15 महीने के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तबादला उद्योग चलाया और वो सरकार भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ गई थी। उन्होंने कहा कि 2003 के बाद प्रदेश में बनी भाजपा की सरकार ने प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया, प्रदेश के सिंचित रकबे में कई गुना वृद़्धि की और मुख्यमंत्री चौहान के कार्यकाल में प्रदेश में ऊर्जा उत्पादन पांच गुना बढ़कर 29000 मेगावाट हो गया है। जिससे 24 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
कुलस्ते ने कहा कि 2014 से पहले देश में मौनी बाबा की सरकार थी, जो रिमोट से चलती थी। रिमोट से चलने वाली उस सरकार का बहुत दुरुपयोग किया गया, जिससे देश को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद देश सुरक्षित हुआ है और सारी दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जी 20 की अध्यक्षता कर रहा है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश जल्द ही एक महाशक्ति बनेगा। कोरोना संकट का प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह सामना किया और गरीबों को राहत देते हुए गरीब कल्याण अन्न योजना से 5 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन प्रदान करना शुरू किया, उसकी सराहना सारी दुनिया में हो रही है।
सभा में सांसद रीति पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सीधी जिले में चारों ओर विकास की गंगा बह रही है। काली काली सडकें, नल जल योजना के अंतर्गत टोटी वाले नल से शुद्ध पेयजल, 24 घंटे बिजली की आपूर्ति, युवाओं के लिए रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य हर तरफ दिखाई दे रहे हैं। सीधी से रीवा जाने में पहले तीन-चार घंटे लगते थे, किंतु अब यह दूरी 1 घंटे में पूरी हो रही है। सीधी जिले को मेडिकल की सौगात मिली है जो सीधी के विकास में चार चांद लगा रही है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व वाली सरकारें जन-जन के जीवन स्तर उठाने के लिए कार्य कर रही हैं, जिसके लिए आप सभी का आशीर्वाद आवश्यक है।
विधायक केदारनाथ शुक्ला ने कहा कि जनआशीर्वाद यात्रा आज आपके बीच आशीर्वाद लेने पहुंची है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास किया हैं, और हर वर्ग समुदाय जाति के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं। इसी का परिणाम है कि आज हर वर्ग खुशहाल है और सरकार की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को मिल रहा है। आदिवासी समाज के उत्थान और विकास के लिए भाजपा की सरकार ने अनेकों योजनाएं बनाई हैं आज आदिवासी समाज सम्मान के साथ जीवन यापन कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान के लिए भारतीय जनता पार्टी की शिवराज सरकार की लाडली बहना योजना वरदान साबित हुई है। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सम्मान दिलाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सीधी विधानसभा में बहु आयामी विकास के कार्य हुए हैं। सीधी जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने से आमजन में काफी उत्साह है। मुख्यमंत्री चौहान ने सीधी शहर को मिनी स्मार्ट सिटी का दर्जा दिया है, जिससे यहां भी बड़े शहरों की तर्ज में विकास प्रारंभ हो चुका है। जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ से पहले केंद्रीय मंत्री कुलस्ते ने सीधी में पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों की जनहित की योजनाएं तथा प्रमुख उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और आगामी चुनावों के लिए जनता का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान सांसद रीति पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान, सीधी विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ला आदि उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News

-->