भाजपा ने सभी 70 विधानसभाओं में केजरीवाल के भ्रष्टाचार रूपी पुतले का किया होलिका दहन

Update: 2023-03-06 11:48 GMT

फोटो: Ajay Mahawar MLA बीजेपी ट्विटर

नई दिल्ली (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में आज दिल्ली के सभी 70 विधानसभाओं में (शराब घोटाले के चलते) अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचार रूपी पुतला बनाकर होलिका दहन किया। दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में वीरेन्द्र सचदेवा के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन का पुतला जलाकर केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार का होलिका दहन किया।
वीरेन्द्र सचदेवा ने सभी को याद दिलाते हुए कहा कि जब भी चुनाव की घोषणा होती है, तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हनुमान मंदिर से आशीर्वाद लेते हैं। इसलिए यहां से यह साफ संदेश केजरीवाल को है कि जहां से उन्होंने शुरू किया था हम उनकी राजनीति को उसी स्थान पर खत्म करने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि हमें 2025 का इंतजार नहीं करना है और इस शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना ही होगा। दिल्ली की जनता की भी यही मांग है।
आगे सचदेवा ने कहा कि आज होलिका दहन इसलिए हो रहा है क्योंकि बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसलिए आज शराब घोटाले और भ्रष्टाचार के प्रतिक आम आदमी पार्टी के नेता हैं, हम उनका पुतला दहन के लिए इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल वह राजा हैं जिनकी जान मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन जैसे भ्रष्टाचारी तोता में बसती है। आज जब सिसोदिया जांच एजेंसी के दायरे में हैं तो केजरीवाल को छटपटाहट हो रही है। आज केजरीवाल से दिल्ली की जनता पूछ रही है कि 346 शराब की दुकानों को बढ़ाकर 850 क्यों किया था?
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल से विधानसभा में हमने शराब नीति लागू ना करने की बात कही थी। लेकिन खुद की जेबे भरने के लिए उन्होंने नई शराब नीति लागू कर दी जबकि पुरानी शराब नीति के अंतर्गत दिल्ली में हर साल 20,000 करोड़ रुपये की शराब बेची जाती थी। और दिल्ली सरकार के खाते में 6000 करोड़ रुपये आते थे, लेकिन नई नीति से आया कुछ नहीं बल्कि जब शराब घोटाले में ठेकेदारों की गिरफ्तारी हुई तो उन्होंने खुद ही बताया कि 2 फीसदी से 12 फीसदी कमीशन बढ़ाकर केजरीवाल ने आधे पैसा अपने जेब में भरने का काम किया है।
आपको बता दे कि शास्त्री नगर में आयोजित भ्रष्टाचार की होलिका के दहन में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सांसद डा. हर्ष वर्धन, पूर्व महापौर जय प्रकाश एवं जिला अध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह सम्मलित हुए। महारौली में आयोजित भ्रष्टाचार की होलिका के दहन में कार्यकर्ताओं के साथ सांसद रमेश बिधूड़ी एवं पार्षद जगमोहन महलावत सम्मलित हुए। मंडावली में आयोजित भ्रष्टाचार की होलिका दहन में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल सम्मलित हुए जबकि कार्यक्रम का संयोजन बिपिन बिहारी ने किया।
विजय चौक लक्ष्मी नगर में आयोजित भ्रष्टाचार की होलिका दहन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, विधायक अभय वर्मा एवं जिला अध्यक्ष श्रीमती लता गुप्ता सम्मलित हुए। रोहिणी में आयोजित भ्रष्टाचार की होलिका दहन में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सांसद हंसराज हंस एवं ऋतु गोयल सम्मलित हुए। यहां कार्यक्रम का आयोजन प्रवीण बंसल ने किया। नारायणा, सदर बाजार, दिल्ली कैंट, कापसहेड़ा चौक, चांदनी चौक, पटेल नगर, महावीरा स्कूल चौक, आदि क्षेत्रों में भ्रष्टाचार की होलिका दहन कार्यक्रम में बीजेपी के सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता सम्मिलित हुए।
इसके अलावा सभी भाजपा विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में सम्मलित होकर दिल्ली के भ्रष्ट केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचारों का होलिका दहन किया।
Tags:    

Similar News

-->