Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत 41,424 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब अगले चरण में PET में शामिल होना होगा।
8 से 15 सितंबर तक होगा PET
बोर्ड के अनुसार, 41,424 होमगार्ड पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी। यह परीक्षा 15 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। किसी आवश्यक स्थिति या परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की जरूरत पड़ने पर 16 सितंबर को रिजर्व-डे के तौर पर रखा गया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। एडमिट कार्ड में परीक्षा की तारीख, समय और केंद्र समेत अन्य जरूरी विवरण दर्ज होंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे PET में शामिल होने से पहले प्रवेश पत्र पर दी गई सभी जानकारी को अच्छी तरह जांच लें।
परीक्षा से करीब 7 दिन पहले एडमिट कार्ड
UPPRPB के मुताबिक, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड निर्धारित PET तारीख से लगभग सात दिन पहले जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार इन्हें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध संबंधित लिंक का इस्तेमाल करना होगा। एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवार उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग टाइम को ध्यान से देखें। परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना जरूरी होगा। किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए अभ्यर्थियों को अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय पहले ही एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लेने की सलाह दी जाती है।
आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेंगी सभी जानकारी
बोर्ड ने उम्मीदवारों से कहा है कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आगे की महत्वपूर्ण जानकारी के लिए UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। PET से संबंधित निर्देश, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी अपडेट बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से जारी किए जाएंगे। होमगार्ड भर्ती के लिखित चरण में सफल उम्मीदवारों के लिए अब PET महत्वपूर्ण चरण है। ऐसे में अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी पर विशेष ध्यान देना चाहिए। साथ ही, परीक्षा से पहले जारी होने वाले एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।
Tags: