चंडीगढ़: चंडीगढ़ में शनिवार को बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला. कौमी इंसाफ मोर्चा ने इस मुद्दे पर राजभवन की ओर कूच किया. प्रदर्शन के दौरान उस वक्त हलचल मच गई, जब पूर्व सांसद और शिरोमणि अकाली दल के नेता सिमरनजीत सिंह मान घायल मरीज का भेष बनाकर राजभवन के पास पहुंच गए. हालांकि, मुस्तैद चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें तुरंत पहचान लिया और मौके पर ही हिरासत में ले लिया.
राजभवन के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात था. इसी बीच एक गाड़ी राजभवन के करीब पहुंची. इसमें सिमरनजीत सिंह मान बैठे थे. उन्होंने खुद को मरीज दिखाने के लिए मुंह पर पट्टियां बांध रखी थीं. पुलिस जवानों को शक हुआ तो उन्होंने गाड़ी रोककर जांच की. चेहरा सामने आते ही पुलिस ने उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया.
Tags: