New Delhi. नई दिल्ली। राष्ट्रपति जो बाइडेन President Joe Biden ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मैंने ट्रम्प से बात की है। अमेरिका में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। बाइडेन ने कहा कि इस मामले की जांच अभी शुरुआती चरणों में है। हमें अभी इस घटना के मकसद की कोई जानकारी नहीं है। इसलिए इस घटना के मकसद को लेकर लोग अपनी थ्योरी न बनाएं। FBI और सीक्रेट सर्विस एजेंसियों को अपना काम करने दें। हमारी कोशिश है कि ट्रम्प को सुरक्षा दी जाए।


डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रम्प ने इस घटना को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि जब मेरे पति डोनाल्ड को गोली लगी, तो मुझे एहसास हुआ कि मेरी और मेरे बेटे बैरन की जिंदगी एक बड़े बदलाव के कगार पर है। एक राक्षस ने मेरे पति को अमानवीय राजनीतिक मशीन के रूप में देखा। उसने डोनाल्ड का जुनून, उनकी हंसी, रचनात्मकता, संगीत का प्यार और प्रेरणा को खत्म करने का प्रयास किया। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि अलग विचारधाराओं, नीतियां और राजनीतिक गेम से ऊपर प्रेम है। हम सभी एक ऐसी दुनिया चाहते हैं जहां सबका सम्मान हो, परिवार सबसे पहले आता हो और प्रेम सबसे ऊपर हो। अब बदलाव की हवा चलने वाली है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर फायरिंग हुई है। उनके दाएं कान पर गोली लगी है, लेकिन वो सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी भी दी जा चुकी है। घटना भारतीय समय के मुताबिक रविवार सुबह 4 बजे की है। तब अमेरिका में शनिवार के शाम करीब 6.30 बज रहे थे।

ट्रम्प अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के बटलर शहर में चुनावी रैली कर रहे थे। ट्रम्प मंच पर आए उन्होंने बोलना शुरू किया- ‘टेक अ लुक एट वॉट हैपंड’…और फायरिंग की आवाज आनी शुरू हुई। चीख-पुकार मचती है, ट्रम्प चौंकते हुए दायां हाथ कान पर रखते हैं और झुक जाते हैं। इस बीच सुरक्षा गार्ड घेरा बना लेते हैं। ट्रम्प खड़े होते हैं, कान और खून से सने चेहरे के साथ दाईं मुट्‌ठी भींचते हुए कुछ कहने की कोशिश करते हैं। फिर गार्ड उन्हें घेरे में लेते हुए कार में लेकर निकल जाते हैं। गोलीबारी में रैली में मौजूद एक व्यक्ति की मौत हुई है। 2 गंभीर रूप से घायल हुए। पेंसिल्वेनिया पुलिस ने बताया कि ट्रम्प पर करीब 400 फीट दूर मौजूद इमारत की छत से फायरिंग की गई। AR-15 राइफल से 8 राउंड गोलियां चलाई गईं। पहले राउंड में 3 और दूसरे राउंड में 5 गोलियां चलीं। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध शूटर मारा गया है। उसकी उम्र 20 साल थी, वो ट्रम्प की ही रिपब्लिकन पार्टी का समर्थक था। अब तक हमले के मकसद की जानकारी नहीं है।
Tags: