BIG BREAKING: गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मची चीख-पुकार, 20 लोग झुलसे
5 की हालत नाजुक
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में मंगलवार को गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद एक घर में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से 20 लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है। इनमें से 17 लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है। यह दर्दनाक घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव की है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
दीया जलाते ही सिलेंडर में लगी आग
मिली जानकारी के अनुसार, सफियाबाद गांव निवासी प्रेमनाथ मांझी के घर नया गैस सिलेंडर आया था। इसी दौरान घर में दीया जलाने के समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके के कारण घर में मौजूद कई लोग आग की चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे से आसपास अफरा-तफरी मच गई।
महिलाओं और बच्चों समेत 20 लोग घायल
हादसे में कुल 20 लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। घायलों में शिलानाथ मांझी, कुसुम देवी, नेहा कुमारी, पिंकी कुमारी, कंचन कुमारी, चमेली कुमारी, कुंदन कुमार, आयोग कुमार और बेबी देवी सहित अन्य लोग शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इनमें से 17 लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पांच घायलों की हालत नाजुक
सिविल सर्जन मोहम्मद इजरायल ने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है।
अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी, जांच के निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ खुद सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं की निगरानी की। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडर में आग लगने से यह हादसा हुआ है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।