BIG BREAKING: हॉस्पिटल में सिलेंडर ब्लास्ट, वॉल्व फटने से हुआ धमाका

मची अफरा-तफरी

Update: 2024-08-12 09:36 GMT
Lucknow. लखनऊ। लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान Institute of Medical Sciences में ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए ब्लास्ट से अफरातफरी मच गई। सोमवार सुबह 10.50 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि ग्राउंड फ्लोर की OPD में मौजूद मरीजों में हड़कंप मच गया। यह धमाका दूसरी मंजिल के मेडिसिन वार्ड में हुआ। वार्ड में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार भी सकते में आ गए और बाहर निकलने लगे। धमाके के बाद काफी देर तक गैस रिसाव होता रहा।
OPD
में मौजूद लोग तेजी से बाहर की तरफ भागे। घटना में एक टेक्निशियन को चोट आई है। इसके अलावा कोई कैजुअल्टी नहीं हुई। तेज धमाके के बाद हॉस्पिटल में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।


लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ.भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि मेडिसिन वॉर्ड में ऑक्सीजन सिलेंडर के वाल्व लगाने के दौरान वाल्व फट गया। इस दौरान राकेश नाम के टेक्नीशियन के हाथ में मामूली चोट आई है। OPD में भगदड़ जैसी स्थिति की जानकारी नहीं है। लोहिया संस्थान में ओल्ड हॉस्पिटल विंग के दूसरे फ्लोर पर मेडिसिन वॉर्ड है। इसी वार्ड में वॉल्व लगाते समय ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि, जिसने भी सुना, वह बाहर की ओर भागा। कुछ तीमारदार अपने पेशेंट को लेकर निकलते दिखाई दिए।


प्लेटलेट्स की कमी के कारण मेडिसिन वार्ड में भर्ती मरीज सुशील कुमार ने बताया कि अचानक तेज धमाका हुआ। कोई चिल्लाया कि ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया है। मैं तो बेड पर लेटा हुआ था, लेकिन धमाका सुनकर डर गया। वहां जाने तक की हिम्मत नहीं हुई। अपने पिता का इलाज कराने आए मनोज ने बताया- धमाके से एक आदमी के हाथ में चोट आ गई। कुछ लोग उसे लेकर इमरजेंसी की तरफ भागे। इससे वार्ड में भर्ती मरीजों में भी अफरातफरी मच गई। मेरे पिता भर्ती हैं, मैं हॉल में गया और एक व्हीलचेयर लेकर आया, ताकि पिताजी को बाहर निकाल सकूं।


धमाके के बाद काफी देर तक गैस का रिसाव हो रहा था, इससे लोग और डर गए। हालांकि यह ऑक्सीजन था, जिसकी वजह से किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। मरीजों ने कहा कि कोई और गैस होती तो हालात बिगड़ जाते। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार ब्लास्ट के बाद नीचे OPD ब्लॉक में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद खचाखच भरे OPD हॉल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भागते समय कुछ लोग गिर भी गए। कुछ ही देर में OPD ब्लॉक खाली हो गया। लोगों में अफरातफरी देखकर हॉस्पिटल प्रशासन ने तुरंत अनाउंसमेंट करना शुरू कर दिया। लोगों से शांत रहने की अपील की गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और करीब 15 मिनट बाद OPD का काम फिर से शुरू हो सका।
Tags:    

Similar News

-->