BIG BREAKING: टेबल पॉइंट पर बड़ा हादसा, स्टंट के दौरान 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार
बड़ी खबर
Maharashtra. महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के गुजरवाडी स्थित ‘टेबल पॉइंट’ पर बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब स्टंट के दौरान एक कार 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में कराड़ तालुका निवासी साहिल जाधव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सह्याद्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार साहिल जाधव अपनी कार से ‘टेबल पॉइंट’ पर स्टंट करने की कोशिश कर रहे थे, तभी गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सीधे खाई में जा गिरी। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों नजर आ रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
टेबल पॉइंट एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, लेकिन यहां कोई भी सुरक्षा रेलिंग नहीं लगी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस क्षेत्र को लेकर कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। स्थानीय नागरिकों ने हादसे के बाद प्रशासन से तत्काल सुरक्षा रेलिंग लगाने, पर्यटन स्थलों की निगरानी बढ़ाने और पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक इंतजाम किए जाते, तो यह घटना रोकी जा सकती थी। घटना के बाद प्रशासनिक तंत्र और पुलिस की गैरमौजूदगी पर भी कड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासी वर्षों से यहां की संवेदनशीलता को लेकर चेताते आ रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हादसे को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।