Bhopal. भोपाल। भोपाल की मंगलवारा, टीला जमालपुरा, क्राइम ब्रांच और हनुमानगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर जुबैर मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के तीन गुर्गों की भी गिरफ्तारी की गई है। बदमाशों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तीन छुरी जब्त की गई हैं। सभी ने मिलकर शहर में दहशत बनाने तीन दिन पहले मंगलवारा और टीला जमालपुरा में वाहनों में तोड़-फोड़ के साथ ही फायरिंग की थी।



वारदात मंगलवारा के बदमाश साद खान से पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। आरोपियों के गोली चलाते हुए सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे। वारदात के बाद मुख्य आरोपी जुबैर उर्फ मौलाना ने सिर के बाल मुंडवाने के साथ ही दाढ़ी को कटवा लिया था। जुबैर बीते 6 महीने से फरार था। रायसेन की बेगमगंज पुलिस सहित जहांगीराबाद पुलिस को उसकी तलाश थी। गुरुवार रात परवलिया के एक फार्म हाउस में पुलिस ने दबिश देते हुए उसे गिरफ्तार किया। भागने के प्रयास में उसके पांव में फ्रेक्चर आया है।

जुबैर मौलाना के खिलाफ गैरतगंज के अलावा भोपाल में कई अपराध दर्ज हैं। जिसमें उस पर तीस हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस को गुमराह करने के लिए अपने बाल भी मुंडवा लिए थे। इसलिए उसका पहचान पाना मुश्किल हो रहा था। पैर टूटने से उसके पैर में प्लास्टर बन गया है। हालांकि अस्पताल से उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। गोलीकांड में उसके साथ फरार चल रहे बदमाश मो शकील उर्फ शन्नी मलिक, जो बदमाश रहे मुख्तार मलिक का भांजा है। इसके अलावा फैसल खान उर्फ जेजे, जहीर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों के पास से छुरी, डंडे बरामद किए गए हैं। शहर में वर्चस्व बढ़ाने ने बदमाशों ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
Tags: