बांका: बिहार के बांका जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। उनके साथ रिश्वत की रकम रखने के आरोप में उनके रिश्तेदार बच्चन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के एक अधिकारी ने बताया कि फुल्लीडूमर प्रखंड प्रमुख और पंचायत समिति सदस्य गौतम प्रकाश ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायत समिति की विकास योजनाओं के अनुमोदन और राशि निकासी के लिए बीडीओ द्वारा पांच प्रतिशत राशि की मांग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कुल 33 पंचायत समिति योजनाओं में से सात योजनाओं का क्रियान्वयन हो चुका था, जबकि शेष 26 योजनाओं की कुल राशि करीब 70 से 75 लाख रुपये थी। आरोप है कि इन योजनाओं के अनुमोदन के लिए बीडीओ ने पांच प्रतिशत राशि की मांग की थी, जो करीब तीन लाख रुपये बनती है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद जाल बिछाने की कार्रवाई की गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता गौतम प्रकाश मंगलवार को 75 हजार रुपये लेकर बांका शहर के नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के आवास पर पहुंचे।
निगरानी उपाधीक्षक के मुताबिक, बीडीओ ने 75 हजार रुपये स्वीकार किए। इसके बाद उनके रिश्तेदार बच्चन कुमार ने कथित तौर पर रकम अपने पास रख ली। निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बच्चन कुमार की जेब से 75 हजार रुपये बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम ने बीडीओ के आवास की तलाशी भी शुरू की।
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और अन्य तथ्यों की जानकारी दी जाएगी। निगरानी विभाग ने इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 102 दर्ज किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और बीडीओ को निगरानी की विशेष अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि सोमवार को ही फुल्लीडूमर प्रखंड कार्यालय में एक प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर बीडीओ और पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल के बीच विवाद हुआ था। बीडीओ की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके अगले ही दिन बीडीओ की रिश्वत लेते गिरफ्तारी से इलाके में चर्चा तेज हो गई है।