फाइल फोटो
नई दिल्ली: शिमला के NHAI पीआईयू मैनेजर अचल जिंदल पर हुए हमले के बाद सियासत गरमा गई है। हिमाचल के पंचायती राज मंत्री और उनके सहयोगियों द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले पर अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने सीधे हिमाचल प्रदेश के मुखिया यानी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से इसपर तत्काल और न्यायपूर्ण कार्रवाई करने को कहा है।
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया कि अचल जिंदल,प्रबंधक,NHAI पीआईयू शिमला पर हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और उनके सहयोगियों द्वारा कथित तौर पर किया गया घिनौना हमला बेहद निंदनीय है और कानून के शासन का अपमान है। एक लोक सेवक पर अपने आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करते हुए इस तरह का क्रूर हमला न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालता है,बल्कि संस्थागत अखंडता को भी कमजोर करता है।
नितिन गडकरी ने आगे लिखा कि मैंने इस मामले का गंभीर संज्ञान लिया है और मुख्यमंत्री सुखविंदर जी से बात की है,उनसे सभी दोषियों के खिलाफ तत्काल और अनुकरणीय कार्रवाई करने का आग्रह किया है। जवाबदेही तय होनी चाहिए और न्याय में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।
हिमाचल के पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और 6 अन्य लोगों पर आरोप है कि इन्होंने NHAI पीआईयू मैनेजर अचल जिंदल पर कथित हमले किए हैं। अचल जिंदल इस समय अस्पताल में भर्ती हैं। शरीर पर गहरी चोट आने सिर पर घाव होने के चलते उन्हें टांके भी लगाने पड़े हैं। एनएचएआई इंजीनियर असोसिएशन ने भी इस घटना का विरोध करते हुए लिखा कि अचल जिंदल,प्रबंधक (टी),एनएचएआई पीआईयू शिमला पर हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और छह अन्य लोगों की ओर से बेरहमी से हमला किया गया। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं,जिनमें सिर में कई घाव शामिल हैं जिनमें टांके लगाने पड़े हैं और वर्तमान में वे अस्पताल में भर्ती हैं।
आगे लिखा कि यह एक लोक सेवक पर अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन करते समय किया गया एक भयानक और अस्वीकार्य हमला है। हम इस जघन्य कृत्य के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ तत्काल और अनुकरणीय कार्रवाई की मांग करते हैं।