युवती को वरिष्ठ कर्मचारी भेज रहा था अश्लील फोटो-वीडियो, पुलिस ने किया गिरफ्तार
चौंकाने वाला मामला.
मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक 19 साल की हिंदू लड़की ने अपने वरिष्ठ कर्मचारी के खिलाफ अग्री पाडा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाई है। विशेष समुदाय के युवक पर युवती ने अश्लील चैट और वीडियो भेजने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मुंबई के ही महालक्ष्मी इलाके में एक नामी कंपनी में टेलीकॉलर के तौर पर काम करती थी। इसी कंपनी में काम करने वाले उसके सीनियर अशरफ सिद्दीकी ने उसके मोबाइल पर पहले 21 अप्रैल को व्हाट्सएप पर मिस कॉल किया। नंबर सेव नहीं होने पर जब पूछा गया कि कॉल करने वाला कौन है, तो उसने अपना नाम अशरफ बताया और कहा कि उसके साथ कंपनी में ही काम करता है। फोन नंबर कंपनी के व्हाट्सएप ग्रुप से मिला है।
युवती ने आरोप लगाया कि अशरफ ने व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजा। इसके साथ ही अभद्र टिप्पणी भी की। इस दौरान पीड़िता ने अशरफ के सारे मैसेज के स्क्रीन शॉट लिए और वीडियो, फोटो सेव कर लिया ताकि वो मुकर न जाए। अगले दिन 22 को अशरफ ने दोबारा पीड़िता के साथ वही हरकत की। इसके साथ ही प्रेम संबंध बनाने का दबाव बनाया।
इसके बाद पीड़िता ने अपने परिवार को जानकारी दी और फिर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराया। एफआईआर के पहले ही अशरफ के लोकेशन को ट्रेस कर मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे गुरुवार की रात में गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही उसके फोन को पुलिस ने जब्त कर लिया। दर्ज एफआईआर के मुताबिक, अशरफ ने पीड़िता को बताया था कि उसने साथ में काम करने वाली बाकी हिंदू लड़कियों के साथ भी यही किया है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पीड़ित लड़की और उसके पिता सहित नजदीकी लोगों से न्यूज एजेंसी से बात की। पीड़ित लड़की ने कहा, "अशरफ ने हैरेसमेंट किया है, गंदे-गंदे मैसेज और वीडियो भेजता था। इसके साथ ही कहता था कि हम शादी कर लेंगे। मेरे चाचा की एक बीवी हिंदू और 2 मुसलमान हैं।"
पीड़िता के पिता ने कहा, "3 दिनों से उनकी बेटी का मानसिक शोषण किया जा रहा था। अश्लील वीडियो और मैसेज भेज कर परेशान किया जा रहा था। आरोपी बेटी को लॉज पर ले जाने की बात कर रहा था। यह सब लोग महालक्ष्मी इलाके में एक नामी कंपनी में टेली कॉलर के रूप में काम करते थे। अशरफ सिद्दीकी ने मैसेज में मेरी बेटी से कहा कि मैंने कई हिंदू लड़कियों के साथ ऐसा किया है, तुम्हारे साथ भी करूंगा तो कोई दिक्कत नहीं। मौजूदा समय में जो माहौल है, उस विषय से मिलता जुलता लगा, इसलिए हमने एफआईआर दर्ज कराई।"
स्थानीय निवासी रविन्द्र दाभोलकर ने कहा, "यह जिहादी मानसिकता के लोग षड्यंत्र कर रहे हैं। अश्लील फोटो और वीडियो लड़की को भेजने वाले अशरफ को हम कई दिनों से ट्रैप कर रहे थे, लेकिन वह हमारे हाथ नहीं लगा। हालांकि पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।"