हिसार। हांसी के गांव खरड़ के दो किसानों को लोन न चुकाने पर गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया, जिसको लेकर किसानाें ने भाटला स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने केंद्र सरकार तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष कुलदीप खरड ने बताया कि खरड़ गांव के दो किसानों ने लोन लिया था। किसानों की फसल पिछले तीन साल से लगातार खराब हो रही हैं। किसानों के पास कर्ज चुकता करने के लिए पैसा नहीं है। प्रदेश सरकार किसानों का करोड़ों रुपये का मुआवजा नहीं दे रही। अब कोर्ट ने दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी के वारंट जारी किए हैं। वारंट हिसार कोर्ट की ओर से जारी किए गए हैं। बुधवार को किसानों के घर पर समन भेजे गए हैं। किसानों ने कहा बैंक प्रबंधन सुभाष चंद्रा का 5000 करोड़ का लोन माफ कर देता है। एक -दो लाख के लिए किसानों की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए जाते हैं।