उत्तर बंगाल में अचानक दिखे अरिजीत सिंह, होटल के बाहर उमड़ा जनसैलाब
फैंस की भीड़ ने बदल दिया प्लान
अलिपुरद्वार। अपनी सुरीली आवाज और सादगी के लिए मशहूर बॉलीवुड गायक अरिजीत सिंह अचानक उत्तर बंगाल के अलिपुरद्वार पहुंचे। उनके आने की खबर फैलते ही प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। देखते ही देखते होटल के बाहर बड़ी संख्या में फैंस जमा हो गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि अरिजीत सिंह को अपना आराम करने का कार्यक्रम बदलकर होटल से रवाना होना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, अरिजीत सिंह अपनी पत्नी और परिवार के सदस्यों के साथ अलिपुरद्वार पहुंचे थे। उन्होंने फालाकाटा रोड स्थित एक होटल में ठहरने की व्यवस्था की थी। बताया जा रहा है कि परिवार के लिए होटल में तीन सुइट बुक किए गए थे।
अरिजीत सिंह की योजना दिनभर होटल में आराम करने के बाद मेघालय के लिए रवाना होने की थी। हालांकि, उनके होटल में ठहरने की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंच गई। इसके बाद प्रशंसकों का होटल के बाहर पहुंचना शुरू हो गया।
कुछ ही समय में होटल के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। हर कोई अपने पसंदीदा गायक की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आया। दोपहर तक भीड़ लगातार बढ़ती गई। इसके चलते अरिजीत सिंह को निर्धारित योजना से पहले ही होटल छोड़ना पड़ा।
खास बात यह रही कि होटल से निकलते समय अरिजीत सिंह ने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया। वह मुस्कुराते हुए बाहर आए और वहां मौजूद लोगों से बातचीत की। उन्होंने कई प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी भी दीं। अपने पसंदीदा गायक को इतने करीब देखकर प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अरिजीत सिंह का यह सहज और मिलनसार अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।