एक और बीजेपी नेता पार्टी की रडार में, ट्रैक्टर और गाड़ियों का काफिला लेकर निकला

छग

Update: 2026-05-18 08:57 GMT

यूपी। मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष और बीजेपी नेता गौरव चौधरी के लिए रविवार को सिवालखास विधानसभा के काजमाबाद गुन गांव में ग्रामीणों द्वारा एक धन्यवाद सभा का आयोजन किया गया था. इस स्वागत कार्यक्रम में सैकड़ों की तादाद में ट्रैक्टर और गाड़ियों का एक बड़ा काफिला निकाला गया, जिसमें रागिनी प्रोग्राम का भी आयोजन हुआ था. इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद विपक्ष और आम लोगों द्वारा आरोप लगाया गया कि खुद बीजेपी के नेता ही प्रधानमंत्री के आग्रह को हवा में उड़ा रहे हैं और अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए गांव में काफिला लेकर घूम रहे हैं.

दरअसल, देश के प्रधानमंत्री के आह्वान के चलते वर्तमान में कई बड़े नेता रिक्शा, साइकिल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से यात्रा करते हुए नजर आए हैं, और आम लोग भी अपने वाहन शेयर करके चल रहे हैं. ऐसे माहौल में मेरठ के इस वीआईपी काफिले वाले वीडियो ने सोशल मीडिया पर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. इंटरनेट पर लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं कि जब शीर्ष नेतृत्व सादगी का संदेश दे रहा है, तब स्थानीय स्तर पर इस तरह का भव्य और भारी-भरकम प्रदर्शन क्यों किया गया.

इस पूरे मामले पर मचे बवाल के बाद मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा नेता गौरव चौधरी ने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपनी सफाई पेश की है. गौरव चौधरी का कहना है कि वे नियम के अनुसार अपनी सिर्फ एक गाड़ी से ही गांव के इस कार्यक्रम में पहुंचे थे. उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीणों द्वारा किया गया था और वहां मौजूद सभी ट्रैक्टर और गाड़ियां गांव के लोग ही लेकर आए थे, जिससे उनका व्यक्तिगत रूप से कोई लेना-देना नहीं है.


Tags:    

Similar News