ASI की गोली से ग्रामीण की मौत पर बवाल, गुस्साई महिलाओं ने पकड़ा DM का कॉलर
वीडियो वायरल
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में एएसआई की कथित फायरिंग से एक ग्रामीण की मौत के बाद जबरदस्त हंगामा हो गया। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने खोजपुर रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा के साथ कुछ महिलाओं ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की की। एक महिला द्वारा डीएम का कॉलर पकड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात बलिराजगढ़ गांव में तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने कथित तौर पर अपनी सरकारी पिस्टल से ग्रामीणों पर गोलियां चलाईं। इस घटना में अशोक यादव नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, एएसआई एक महिला के घर में मौजूद था। ग्रामीणों के वहां पहुंचने पर विवाद हुआ और आरोप है कि खुद को घिरा देखकर एएसआई ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
फायरिंग की घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान कुछ महिलाओं ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई। वायरल वीडियो में डीएम के साथ धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने की भी खबर है। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। प्रशासन हालात पर नजर रख रहा है और मामले की जांच जारी है।