लव मैरिज से नाराज ससुर ने रची दामाद की हत्या की साजिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
कोर्ट मैरिज करने के बाद से चल रही थी रंजिश
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में प्रेम विवाह से नाराज ससुर द्वारा अपने ही दामाद की हत्या की साजिश रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खतौली पुलिस ने अक्षय हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक के ससुर, साले और अन्य सहयोगियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने कथित सामाजिक बदनामी के चलते दामाद को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।
कोर्ट मैरिज करने के बाद से चल रही थी रंजिश
पुलिस के अनुसार, मंसूरपुर थाना क्षेत्र के सराय रसूलपुर निवासी अक्षय पुत्र दिलीप ने अपने ही गांव की युवती रूदिमा से कोर्ट मैरिज की थी। इस विवाह से युवती के परिजन नाराज थे। आरोप है कि रूदिमा के पिता कंवर पाल ने बेटी के प्रेम विवाह को लेकर समाज में बदनामी होने की बात कहते हुए अक्षय की हत्या की साजिश रची।
साले ने ममेरे भाई के साथ मिलकर बनाया प्लान
पुलिस जांच के मुताबिक, कंवर पाल के बेटे वासु ने अपने ममेरे भाई अमरदीप को साजिश की जानकारी दी। इसके बाद अमरदीप ने अंकुश से संपर्क किया। अंकुश ने अक्षय के बचपन के दोस्त आकाश को लालच देकर कथित तौर पर योजना में शामिल कर लिया। आकाश को अक्षय की गतिविधियों की जानकारी देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पार्टी के बहाने बुलाकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, जब अक्षय नोएडा से अपने गांव आया तो उसके दोस्त आकाश ने उसे पार्टी करने के बहाने बुलाया। दोनों बाइक से शराब खरीदने गए और इसके बाद चूना भट्ठी के पास एक दुकान पर पहुंचे। आकाश ने इसकी जानकारी अंकुश को दी। कुछ देर बाद वासु और अमरदीप भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि पहले अक्षय के साथ कहासुनी हुई। इसके बाद वासु ने ईंटों और अमरदीप ने डंडे से अक्षय पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अक्षय को मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में उपचार के दौरान अक्षय की मौत हो गई।
छह आरोपी गिरफ्तार, हत्या की धारा बढ़ाई
खतौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश बघेल के अनुसार, पुलिस ने जांच के बाद हत्या की साजिश में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।
पहले मामले में मारपीट की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अक्षय की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं।