न्यूकैसल यूनिवर्सिटी में अनंत अंबानी की नई भूमिका, बने प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस
नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी को ब्रिटेन की न्यूकैसल यूनिवर्सिटी में सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस नियुक्त किया गया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, यह नियुक्ति पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उनके कार्यों को मान्यता देती है।
अनंत अंबानी गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा वन्यजीव संरक्षण एवं पुनर्वास केंद्र से जुड़े हैं। वंतारा के माध्यम से घायल और संकटग्रस्त वन्यजीवों के बचाव, उपचार और पुनर्वास पर काम किया जाता है।
रिलायंस की स्वच्छ ऊर्जा पहलों में भी अनंत अंबानी की भूमिका रही है। इनमें सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और अन्य क्लीन एनर्जी परियोजनाएं शामिल हैं। न्यूकैसल यूनिवर्सिटी में अपनी नई भूमिका के तहत वे सस्टेनेबिलिटी और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।