घर में ही चल रही थी अवैध शराब की फैक्ट्री, यूरिया मिलाकर तैयार की जा रही थी कच्ची शराब

अवैध शराब कारोबार

Update: 2026-06-24 16:09 GMT
Saharanpur सहारनपुर। सहारनपुर जिले की थाना बड़गांव पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें पूरा परिवार शामिल था। पुलिस ने पति-पत्नी, उनके दो बेटों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग घर के अंदर ही जहरीली और अपमिश्रित कच्ची शराब तैयार कर उसकी बिक्री कर रहे थे।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़गांव क्षेत्र के सावंतखेड़ी गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान शेरू उर्फ शेर सिंह, उसकी पत्नी मीना, बेटे अंकित और अमृत के अलावा गांव की रहने वाली सनिता को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि आरोपियों ने घर के भीतर ही शराब बनाने की पूरी व्यवस्था कर रखी थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 610 लीटर अवैध कच्ची शराब, 800 लीटर लहन (शराब बनाने का कच्चा मिश्रण) और 5 किलोग्राम यूरिया बरामद किया। इसके अलावा ड्रम, पाइप, गैस सिलेंडर, चूल्हे, बड़े बर्तन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग शराब निर्माण में किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शेरू उर्फ शेर सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट तथा आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद वह अपने परिवार के साथ मिलकर अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय था।
थाना बड़गांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जहरीली शराब बनाकर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News