दीदी के गुंडों को अमित शाह ने दी नसीहत, उल्टा लटका कर सीधा कर दूंगा
पढ़े पूरी खबर
बंगाल। पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग से भाजपा काफी उत्साहित है। भगवा पार्टी के बढ़े वोट प्रतिशत में अपनी जीत नजर आ रही है। यही वजह है कि केंद्रीय गृह मंत्री ने धमकी तक दे दी है। एक रोड शो के दौरान अमित शाह ने कहा, 'पहले फेज में दीदी के गुंडे घर से बाहर नहीं निकले। मैं गुंडो को बोलता हूं कि दूसरे फेज में भी बाहर मत आना वरना 4 मई के बाद उल्टा लटका कर सीधा कर दूंगा।' आपको बता दें कि 4 मई तो बंगाल चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में एक रोडशो का नेतृत्व किया और कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार का पतन निकट है। शाह ने सजे हुए एक वाहन के ऊपर से जेस्सोर रोड के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। कई लोगों ने नारंगी और केसरिया रंग के गुब्बारे और 'कमल' के फूल पकड़ रखे थे। अपने फेसबुक हैंडल पर भीड़ की तस्वीर साझा करते हुए शाह ने कहा, ''मध्यमग्राम में रोडशो में, यह भगवा रंग बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का आक्रोश है, प्रतिशोध है। तृणमूल कांग्रेस जा रही है।'' उन्होंने कहा, ''तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का सूरज डूब गया है।''
मध्यमग्राम में चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना चार मई को होगी। शाह ने रोडशो के दौरान पत्रकारों से कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद पश्चिम बंगाल में एक भी घुसपैठिए को नहीं घुसने दिया जायेगा। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण में 152 सीट पर मतदान हुआ और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक 92.72 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान हिंसा, मतदाताओं को डराने-धमकाने और कम से उम्मीदवारों पर हमले की छिटपुट घटनाएं भी हुईं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने कहा, "यह आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल में दर्ज अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है।" आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक राज्य में इससे पहले सबसे अधिक मतदान 2011 के विधानसभा चुनावों के दौरान 84.72 प्रतिशत रहा था।