पटना: नीतीश कुमार की अगुवाई वाली नई सरकार के शपथ समारोह में दिग्गजों का जमावड़ा लगा है. गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना पहुंच चुके हैं, वहीं दिग्गजों के गांधी मैदान पहुंचने का सिलसिला भी तेज हो चला है. गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा के साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और महाराष्ट्र सरकार के डिप्टी सीएम अजित पवार मंच पर पहुंच चुके हैं.

सीएम पद की शपथ लेने जा रहे नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि जनता ने उम्मीद से ज्यादा दिया है. हम लोगों ने 20 साल में जो मेहनत की है, मोदी अंकल ने जो डेढ़ साल में किया है, जनता ने उम्मीद से ज्यादा दिया है.
चिराग पासवान बिहार में नीतीश कुमार सरकार के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गांधी मैदान पहुंच गए हैं. चिराग अपनी मां के साथ पहुंचे हैं.
बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद अब सूबे में नई सरकार के गठन की बारी है. नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. नीतीश कुमार की सरकार में बीजेपी के कोटे से दो डिप्टी सीएम होंगे. सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा फिर से नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे. नीतीश कैबिनेट में किस पार्टी के कोटे से कौन-कौन से नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे, इस पर भी मोहर लग चुकी है.
नीतीश मंत्रिमंडल में शपथ लेने जा रहे मंत्रियों की लिस्ट भी सामने आ गई है. बीजेपी के कोटे से नई सरकार में 14 मंत्री होंगे. वहीं, जेडीयू से सीएम नीतीश के अलावा सात मंत्री बनने जा रहे हैं. जीतनराम मांझी की अगुवाई वाली हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के कोटे से एक-एक मंत्री बनेंगे.
जीतनराम मांझी की पार्टी से उनके बेटे संतोष कुमार सुमन और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से उनके बेटे दीपक प्रकाश मंत्री पद की शपथ लेंगे. चिराग की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से दो मंत्री बनेंगे. मंत्रियों की संभावित लिस्ट सामने आ गई है. इस लिस्ट में कुल 25 संभावित मंत्रियों के नाम हैं.

Tags: