ASI के साथ मारपीट: बिजली के खंभे से बांधने का आरोप, 59 पर FIR
वीडियो हुआ वायरल.
साहिबगंज: साहिबगंज के तालझारी इलाके में तैनात ASI चिंटू कुमार के साथ मोतीझरना बाजार में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने उन्हें बिजली के खंभे से बांधकर पीटा और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने 19 नामजद और करीब 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, एसपी अमित सिंह ने ASI चिंटू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ड्यूटी के दौरान हंगामा करने का आरोप
ASI चिंटू कुमार पर ड्यूटी के दौरान नशे में होने और बाजार में हंगामा करने का आरोप लगाया गया है। बताया गया है कि उनकी हरकत से नाराज ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और वर्दी फाड़ने के साथ बिजली के खंभे से बांधने की बात सामने आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ASI को छुड़ाया
घटना की सूचना मिलने पर तालझारी थाना प्रभारी नीतीश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और ASI को मुक्त कराकर थाने ले गए। इस दौरान ग्रामीणों ने भी ASI के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित सिंह ने चिंटू कुमार को निलंबित कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
ASI की शिकायत पर 19 नामजद समेत करीब 40 अज्ञात लोगों पर केस
ASI चिंटू कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 19 नामजद और करीब 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में शेख अली खान, गुड्डू खान, लड्डू खान, सडुल खान, शेख राजा, शेख करीम, शेख साजिद, शेख उसतर, हरमुज खान, गुलबाज खान, तौफिक खान, अख्तर खान, दिल्लू खान, मो. नुरेल और शेख बाबू समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने भी एसपी से मुलाकात कर शिकायत की और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ASI ने शिकायत में क्या बताया?
ASI चिंटू कुमार के मुताबिक, 21 अक्टूबर को वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर उन्होंने सुकसेना घाट स्थित करणपुरातो में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की ड्यूटी की थी। इसके बाद उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारी को इसकी सूचना दी। फिर आदेश मिलने पर वह महाराजपुर बाजार में मेला ड्यूटी के लिए पहुंचे।
ASI की शिकायत के अनुसार, वह सरकारी गाड़ी से सायरन बजाते हुए मोतीझरना पहुंचे थे। वहां से लौटते समय रात करीब 8:30 बजे मो. शाहरुख और मो. बाबर ने गश्ती वाहन रुकवाया। उन्हें लगा कि वाहन किसी जरूरी काम से रोका जा रहा है।
इसी दौरान मो. जाफर और मो. जावेद हुसैन ने उनकी वर्दी का कॉलर पकड़कर उन्हें गाड़ी से खींचना शुरू कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान वर्दी के बटन टूट गए और उन्हें वाहन से बाहर खींच लिया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों की ओर से भी शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।