दिल्ली। दिल्ली में हालिया प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कारणों से बंद किए गए सभी मेट्रो स्टेशनों को अब फिर से खोल दिया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने रविवार को ऐलान की कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए एंट्री और एग्जिट दोनों सेवाएं सामान्य रूप से शुरू कर दी गई हैं.
पिछले चार दिनों से मध्य दिल्ली के 18 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा प्रतिबंध लागू थे. इनमें राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, नई दिल्ली, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और सेवा तीर्थ स्टेशन शामिल थे. इन स्टेशनों पर ट्रेनों का संचालन जारी था, लेकिन यात्रियों को स्टेशन के भीतर प्रवेश करने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी.
सिर्फ इंटरचेंज स्टेशनों पर लाइन बदलने की सुविधा उपलब्ध थी. इससे रोजाना दफ्तर जाने वाले हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों को ऑटो, बस और टैक्सी का सहारा लेना पड़ा, जबकि सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी काफी बढ़ गया.