अकाली दल-BJP का हुआ गठबंधन, अमित शाह ने बादल का किया स्वागत
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. चुनाव के मद्देनजर बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने गठबंधन का ऐलान किया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन की घोषणा की है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस वार्ता करते हुए शिरोमणि अकाली दल का NDA में स्वागत किया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस गठबंधन का मकसद पंजाब को नशे से मुक्त करना होगा.
SAD-BJP का कैसा रहा रिकॉर्ड
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने पांच बार गठबंधन में चुनाव लड़ा है. साल 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां मिलकर लड़ी थी. पांच में से तीन बार दोनों ने मिलकर सरकार बनाई है. साल, 1997, 2007 और 2012 के चुनाव में इस गठबंधन को जीत मिली थी.
दोनों दलों के साथ आने के पीछे की बड़ी वजह उनका वोट बैंक और क्षेत्रीय पकड़ है. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पंजाब में करीब 25 लाख वोट यानी 18.56 फीसदी वोट मिले थे. वहीं, अकाली दल को लगभग 18 लाख वोट यानी 13.42 फीसदी वोट मिले. दोनों के वोट जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 43 लाख और कुल वोट प्रतिशत लगभग 32 फीसदी बैठता है.
क्या कहता है वोटों का गणित?
2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को करीब 28.61 लाख वोट यानी 18.38 फीसदी वोट मिले थे. बीजेपी और उसके सहयोगी दलों को लगभग 12 लाख वोट यानी 8 फीसदी वोट मिले थे. दोनों का संयुक्त आंकड़ा करीब 40 से 41 लाख वोट तक पहुंचता है.
दूसरी तरफ, 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने 42 फीसदी वोट हासिल कर 92 सीटें जीती थीं. कांग्रेस को 22.98 फीसदी वोट मिले थे. वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में AAP का वोट प्रतिशत घटकर 26.30 फीसदी रह गया, जबकि कांग्रेस को 26.02 फीसदी वोट मिले.
क्या था सीट बंटवारे का पुराना फॉर्मूला?
पंजाब में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे के पुराने फॉर्मूले के तहत शिरोमणि अकाली दल 94 और बीजेपी 23 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ती थी. हालांकि, इस बार बीजेपी पुराने फॉर्मूले के मुकाबले करीब दोगुनी सीटों की मांग कर रही है. ऐसे में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे का समीकरण बदल सकता है. इसके अलावा यह भी देखना दिलचस्प होगा कि गठबंधन में शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत को भी शामिल किया जाता है या नहीं.