America अमेरिका: पूर्वी तट पर भारी बर्फबारी और गंभीर शीतकालीन तूफान का खतरा बढ़ता जा रहा है, जिससे हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच कई एयरलाइंस ने अपने उड़ान संचालन में बदलाव शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में एअर इंडिया ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क और न्यूआर्क के लिए संचालित होने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है। एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि अमेरिका के पूर्वी हिस्सों में खराब मौसम, भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण एयरपोर्ट संचालन बाधित होने की संभावना है। ऐसे हालात में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
गौरतलब है कि एअर इंडिया दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए प्रतिदिन उड़ानें संचालित करती है। इसके अलावा दिल्ली से न्यूआर्क के लिए रोजाना उड़ानें उपलब्ध हैं, जबकि मुंबई से न्यूआर्क की उड़ानें सप्ताह में कुछ निर्धारित दिनों में संचालित की जाती हैं। इन सभी रूट्स पर 25 और 26 जनवरी की उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
एअर इंडिया ने अपने बयान में कहा,
“हम अपने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा, भलाई और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। अमेरिका के पूर्वी तट पर गंभीर शीतकालीन तूफान की
आशंका
को देखते हुए 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क और न्यूआर्क के लिए हमारी सभी उड़ानें रद्द की जा रही हैं। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उड़ान रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में रीबुकिंग या फिर पूरे रिफंड की सुविधा दी जाएगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या कस्टमर केयर से संपर्क कर अपडेटेड जानकारी प्राप्त करें।
मौसम विभाग के अनुसार, अमेरिका के पूर्वी तट पर भारी बर्फबारी, बर्फीली हवाएं और बेहद कम तापमान देखने को मिल सकता है। इससे न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और आसपास के क्षेत्रों में हवाई अड्डों पर उड़ानों के टेकऑफ और लैंडिंग में बाधा आने की आशंका है। कई एयरपोर्ट्स पर पहले से ही अलर्ट जारी कर दिया गया है। एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की मौसमीय परिस्थितियों में उड़ान रद्द करना एक सुरक्षा-संबंधी जरूरी फैसला होता है, क्योंकि रनवे पर बर्फ जमने और विजिबिलिटी कम होने से जोखिम बढ़ जाता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि अवश्य करें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति के आधार पर अन्य उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ सकता है।
Tags: