यूट्यूब देखकर घर में डिलीवरी कराई, फिर क्या हुआ....
घर पर प्रसव की कोशिश में गई महिला की जान, नवजात सुरक्षित
Tamil Nadu तमिलनाडु: तिरुप्पुर जिले में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां यूट्यूब पर प्रसव से जुड़े वीडियो देखकर घर पर ही डिलीवरी कराने के प्रयास में एक महिला की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इसे गंभीर लापरवाही का मामला बताया है। जानकारी के अनुसार, उथुकुली क्षेत्र के थलवैपलयम निवासी कार्तिक अपनी पत्नी शशिकला के साथ रहते थे। दंपति के पहले बच्चे का जन्म सिजेरियन ऑपरेशन से हुआ था। दूसरे बच्चे के लिए उन्होंने सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) का विकल्प चुना और इसके लिए इंटरनेट, खासकर यूट्यूब पर उपलब्ध वीडियो देखकर घर पर ही डिलीवरी कराने की तैयारी शुरू कर दी।
24 जून 2026 को शशिकला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। आरोप है कि परिवार ने किसी प्रशिक्षित डॉक्टर या नर्स की मदद लेने के बजाय वीडियो देखकर ही प्रसव कराने का प्रयास किया। इस दौरान शशिकला ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें पहले पेरुंदुरई के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें कोयंबटूर के निजी अस्पताल रेफर किया गया। ICU में भर्ती कर इलाज किया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शशिकला की मौत हो गई।
नवजात शिशु सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि घर पर बिना प्रशिक्षित मेडिकल सहायता के प्रसव करना बेहद खतरनाक हो सकता है और यह घटना इसी का गंभीर उदाहरण है।