पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत कुछ बड़ा करने वाला है...मोदी सरकार ने कर दिया इशारा
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के पहलगाम के बैसरन में मंगलवार (22 अप्रैल) को बड़ा आतंकी हमला हुआ. इस हमले में 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमले के वक्त आतंकियों ने चुन-चुनकर पर्यटकों को निशाना बनाया. इस हमले से पूरे देश में आक्रोश है. वहीं, आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
पहलगाम में धर्म को निशाना बनाते हुए आतंकवादियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में हमारे देश ने अनेक निर्दोष नागरिकों को खोया है. इस घोर अमानवीय कृत्य ने हम सभी को गहरे शोक और दर्द में डुबो दिया है. मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. इस दुखद समय में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं.
रक्षामंत्री ने कहा कि मैं भारत के दृढ़ संकल्प को दोहराना चाहूंगा कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी है. भारत का एक-एक नागरिक इस कायरतापूर्ण हरकत के ख़िलाफ़ एकजुट है. मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि घटना के मद्देनज़र भारत सरकार हर वो कदम उठाएगी, जो ज़रूरी और उपयुक्त होगा और हम सिर्फ़ उन्हीं लोगों तक नहीं पहुंचेंगे, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है, बल्कि हम उन तक भी पहुंचेंगे, जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठकर हिंदुस्तान की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिश रची है.
बता दें कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ एक हाईलेवल मीटिंग की, इसके बाद वह वायुसेना के कार्यक्रम में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत इतनी पुरानी सभ्यता और इतना बड़ा देश है, जिसको ऐसी किसी भी आतंकी गतिविधियों से डराया नहीं जा सकता. ऐसी हरकतों का जवाब, इसके ज़िम्मेदार लोगों को, आने वाले कुछ ही समय में ज़ोरदार तरीक़े से नज़र आएगा.