चार हत्याओं के बाद घर में आराम करते रहे आरोपी, खाया खाना और नहाकर हुए फरार
घर में घुसकर पूरे परिवार को बनाया निशाना
Dhaka ढाका। बांग्लादेश के रंगपुर जिले में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी करीब 6 से 7 घंटे तक उसी घर में छिपे रहे। इस दौरान उन्होंने घर में खाना खाया, फ्रिज से खीरा और खजूर निकाला और बाद में नहाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो चचेरे भाइयों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कबूल करने का दावा किया गया है। मृतकों की पहचान रिटायर्ड स्कूल शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी आगमी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गणपति चक्रवर्ती पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से रिटायर हुए थे। उनकी बेटी आगमी ने हाल ही में अंग्रेजी विषय में मास्टर डिग्री पूरी की थी, जबकि बेटा प्रियम रंगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पड़ोसी इमारत के रास्ते गणपति चक्रवर्ती के घर की छत पर पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वहां कथित तौर पर याबा नाम की नशीली गोली का सेवन कर रहे थे। आवाज सुनकर गणपति छत पर पहुंचे और उन्होंने दोनों से पूछताछ की।
आरोपियों को आशंका थी कि गणपति उन्हें पहचान लेंगे और पुलिस तक जानकारी पहुंचा सकते हैं। इसी डर से उन्होंने कथित तौर पर गमछे से उनका गला दबा दिया। गणपति के साथ हुई हाथापाई की आवाज सुनकर उनकी पत्नी प्रीतिलता भी मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद आरोपियों ने सीढ़ियों पर कथित तौर पर उनकी भी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने परिवार की बेटी आगमी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम को भी निशाना बनाया। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को डर था कि प्रियम उन्हें पहचान सकता है, क्योंकि वह आरोपियों में से एक के छोटे भाई अपूर्वा का दोस्त था।
पुलिस को अब तक परिवार और आरोपियों के बीच किसी पुराने विवाद या दुश्मनी की जानकारी नहीं मिली है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह तथा अन्य संभावित कड़ियों का पता लगाने में जुटी है। घटना ने बांग्लादेश में सुरक्षा और अल्पसंख्यक समुदायों की स्थिति को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।