महोबा: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा सीट से विधायक राजा भैया के शस्त्र पूजन के बाद बाद अब एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में महोबा जिले की चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत नजर आ रहे हैं. इसमें उन्होंने विजयदशमी के मौके पर अपने आवास पर सार्वजनिक रूप से शस्त्रों का पूजन किया.
इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के दौरान उन्होंने करीब 200 विभिन्न प्रकार के हथियारों और 151 तलवारों की पूरे विधि-विधान से पूजा की. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई इस पूजा में कुलपहाड़ नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित उनके लगभग 100 समर्थक उपस्थित रहे. यह आयोजन अधर्म पर धर्म की जीत के प्रतीक के रूप में किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा छिड़ गई है.
विजयादशमी के इस विशेष अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मां दुर्गा की प्रतिमा और भगवान श्रीराम के चित्र के सामने भारी संख्या में हथियार सजाए गए थे. सिर पर साफा बांधे हुए विधायक बृजभूषण राजपूत ने एक-एक करके तलवारों पर हल्दी, चावल और तिलक लगाया. इसके साथ ही उन्होंने बंदूकों और राइफलों पर चंदन का टीका लगाकर उन पर रक्षा सूत्र भी बांधा. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान विधायक खुद पूजन के लिए रखे गए सभी हथियारों और तलवारों की गिनती करते हुए नजर आए, जिसमें उनके समर्थक भी पूरी तल्लीनता से शामिल रहे.
पूजा संपन्न होने के बाद वहां मौजूद लोगों ने विधि-विधान से आरती की और उपस्थित सभी समर्थकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस धार्मिक और उत्सव के माहौल में विधायक और उनके सभी समर्थकों ने मिलकर जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारे लगाए. कार्यक्रम में कुलपहाड़ नगर पंचायत के अध्यक्ष वैभव अरजरिया समेत करीब एक सैकड़ा समर्थक मौजूद रहे. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है.
शस्त्र पूजन के बाद मीडिया और समर्थकों से बात करते हुए विधायक बृजभूषण राजपूत ने स्पष्ट किया कि यह पूजन अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है. उन्होंने देश, प्रदेश, बुंदेलखंड और अपनी विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं. विधायक ने कहा कि वह किसी को भी अपना विरोधी नहीं मानते हैं और जनसेवा ही उनका मुख्य धर्म व कर्तव्य है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के विचार को आगे बढ़ाने की बात कहते हुए वर्ष 2027 के लिए एक नया संकल्प भी लिया है.
Tags: