Ranchi रांची: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव में सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार टकराने के हादसे में चार युवाओं की मौत के बाद झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने सड़क किनारे अवैध और अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान चलाने का फैसला किया है। परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने रविवार को राज्यवासियों से अपील की कि वे मुख्य सड़कों और सहायक मार्गों पर वाहन पार्क न करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहनों की पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) की मदद से सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दीपक बिरुवा ने कहा कि रविवार से ही मुख्य और सहायक सड़कों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने गैराज संचालकों, वाशिंग सेंटर संचालकों और युवाओं से भी अपील की कि वे सड़क को पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल न करें।
उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अगर किसी जिले या सड़क पर गलत तरीके से वाहन पार्क किए गए हैं तो इसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद शुरू किया जा रहा है। 24 सितंबर को तड़के करीब तीन बजे एक कार सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रक से जा टकराई थी। हादसे में कार सवार चार युवाओं की मौत हो गई थी।
मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की 18 वर्षीय बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं। हादसे के बाद सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही थी। जांच में आसपास लगे CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों को शामिल किया जा रहा है। अब परिवहन विभाग ने राज्यभर में सड़क किनारे अवैध पार्किंग रोकने के लिए अभियान तेज करने की तैयारी कर ली है।
Tags: