कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सगाई के बाद युवक द्वारा शादी से इनकार किए जाने से नाराज एक 23 वर्षीय युवती पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत और समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के मुताबिक, मामला पिपरी थाना क्षेत्र के मखऊपुर गांव का है। सराय अकिल थाना क्षेत्र के ढहिया गांव निवासी सुखलाल की 23 वर्षीय बेटी अनुपमा की सगाई सराय अकिल कस्बे के रहने वाले अवधेश कुमार से हुई थी। दोनों परिवारों के बीच शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इसी दौरान युवक और युवती के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि किसी कॉल रिकॉर्डिंग को अवधेश के पास भेजे जाने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद अवधेश ने कथित तौर पर अनुपमा से शादी करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर युवती अपने घर से लगभग चार किलोमीटर दूर मखऊपुर पहुंची और पानी की टंकी पर चढ़ गई।
युवती को टंकी पर देखकर स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पिपरी पुलिस ने युवती से बातचीत शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहे।
डीएसपी शिवांक सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर उससे पूछताछ की। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Tags: