Jabalpur जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक रेस्टोरेंट में काम करने वाली 21 वर्षीय मुस्कान चौधरी की हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है। दमोह नाका स्थित रेस्टोरेंट में हुई इस वारदात के करीब 3 मिनट 5 सेकंड के फुटेज में आरोपी सहकर्मी पवन बर्मन युवती पर हमला करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और CCTV फुटेज को जांच में अहम डिजिटल साक्ष्य के रूप में शामिल किया जा रहा है। घटना 14 अगस्त की शाम करीब 4 बजे ISBT के पास स्थित एक रेस्टोरेंट की बताई जा रही है। मुस्कान चौधरी यहां काम करती थी। पुलिस जांच के मुताबिक घटना के समय रेस्टोरेंट के किचन में मुस्कान और पवन समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान दोनों के बीच हंसी-मजाक और छींटाकशी के बाद कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पवन बर्मन ने किचन में रखा चाकू उठा लिया और मुस्कान पर हमला कर दिया। CCTV फुटेज में आरोपी द्वारा युवती पर कई बार वार करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। हमले के बाद मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के समय किचन में मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने इसकी जानकारी बाकी स्टाफ को दी। इसके बाद घायल मुस्कान को तत्काल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की जानकारी मिलने के बाद गोहलपुर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने भोला नगर इलाके में दबिश देकर पवन बर्मन को गिरफ्तार कर लिया। अब सामने आया CCTV फुटेज हत्या की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर वारदात से पहले और बाद के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मुस्कान की हत्या के बाद उसके परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने शव के साथ प्रदर्शन किया और सड़क पर चक्काजाम करने का प्रयास किया। उनका आरोप है कि रेस्टोरेंट में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
परिजनों ने मांग की है कि जांच केवल गिरफ्तार आरोपी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। रेस्टोरेंट प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और घटना के समय मौजूद कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जाए। उनका कहना है कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि विवाद के दौरान मुस्कान की सुरक्षा के लिए समय रहते कदम क्यों नहीं उठाए गए। गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के मुताबिक मुख्य आरोपी पवन बर्मन को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले के प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से रेस्टोरेंट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन को लेकर उठाए गए सवालों की भी जांच किए जाने की बात कही गई है।
Tags: