हवाई फायरिंग...बस को रोककर बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश का LIVE मंजर

वीडियो सामने आया.

Update: 2025-11-08 07:16 GMT
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर जिले में बदमाशों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है. शेरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात कुछ बदमाशों ने एक बस को रोककर बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश की. इस दौरान बदमाशों ने हवाई फायर भी किए जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई.
मामला छह नवंबर की रात का है जब जैसलमेर से दिल्ली जा रही एक निजी ट्रैवल्स बस देड़ा गांव की सरहद पर पहुंची. तभी एक सफेद कैंपर गाड़ी ने बस के आगे गाड़ी लगाकर उसे रोक दिया. गाड़ी से दो युवक उतरे जिनमें एक ने मुंह ढका हुआ था और दूसरे के हाथ में बंदूक थी. उन्होंने बस में घुसकर ड्राइवर और खलासी से शराब के लिए पैसे मांगे.
बस स्टाफ के मना करने पर बदमाशों ने धमकी दी कि अगर इस रूट पर बस चलानी है तो हर बार पांच हजार रुपये देने होंगे. खुद को बुधसिंह सोढा और श्रवणसिंह खिरजा बताने वाले बदमाशों ने बस के अंदर फायर किया और स्टाफ से मारपीट की.
बाहर खड़े अन्य बदमाश बस को आग लगाने की धमकी देते रहे. घटना के बाद बदमाश अपनी कैंपर से फरार हो गए. ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. एएसपी भोपाल सिंह लखावत ने कहा कि बदमाशों की पहचान हो गई है और जल्द ही गिरफ्तारी होगी.
Tags:    

Similar News