Delhi दिल्ली: ईरान में मौजूदा हालात को देखते हुए भारत सरकार ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। नागरिकों को अगले 48 घंटे तक विशेष सतर्कता बरतने और जहां हैं वहीं रहने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी के मुताबिक, भारतीयों को किसी भी पावर स्टेशन, सैन्य ठिकानों या संवेदनशील स्थानों के आसपास जाने से सख्त परहेज करने को कहा गया है। इसके अलावा, बहुमंजिला इमारतों से दूर रहने और यथासंभव घर के अंदर सुरक्षित रहने की अपील की गई है।
सरकार ने कहा है कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी भारतीय दूतावास से संपर्क बनाए रखने की भी सलाह दी गई है। भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर और जरूरी संपर्क जानकारी सक्रिय कर दी है, ताकि जरूरत पड़ने पर नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सके। विशेषज्ञों के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ते तनाव के चलते यह एहतियाती कदम उठाया गया है, ताकि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।