Jharkhand झारखंड। गिरिडीह में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित हमले को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झामुमो (JMM) कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की गई और पुलिस ने भी इसमें सहयोग किया। आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में JMM कार्यकर्ता गुंडई पर उतर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन झामुमो कार्यकर्ताओं ने लाठी लेकर उन पर हमला किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय झामुमो कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रही थी और छात्रों पर लाठी चलाने का काम कर रही थी। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है। आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता छात्रों के अधिकारों और उनकी मांगों के समर्थन में आगे आएगा।
गौरतलब है कि गिरिडीह में छात्र संगठन अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया है कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वाले छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। वहीं, झामुमो की ओर से इस मामले में अभी कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
छात्र आंदोलन और उससे जुड़े विवाद को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष लगातार सरकार और प्रशासन पर सवाल उठा रहा है। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि छात्रों के साथ किसी भी तरह के अन्याय के खिलाफ पार्टी आंदोलन करेगी। प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और संबंधित अधिकारियों से घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags: