अंकिता भंडारी हत्याकांड में अभिनेत्री उर्मिला सनावर से 4 घंटे CBI की पूछताछ
चार घंटे तक घर में रही सीबीआई टीम
सहारनपुर। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच आगे बढ़ रही है। इसी सिलसिले में सीबीआई की चार सदस्यीय टीम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर पहुंची। टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं। जांच अधिकारियों ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पहुंचकर उनसे करीब चार घंटे तक पूछताछ की।
चार घंटे तक घर में रही सीबीआई टीम
अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने बताया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम उनके घर आई थी। अधिकारियों ने करीब चार घंटे तक उनसे बातचीत की और मामले से जुड़ी जानकारियां जुटाईं। उर्मिला ने जांच से संबंधित जानकारी को लेकर सवाल भी उठाए। उन्होंने दावा किया कि सीबीआई के पास अब भी पूरे दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हैं।
मोबाइल के IMEI नंबर को लेकर उठाए सवाल
उर्मिला सनावर ने कहा कि उनसे पहले लिए गए डेटा की पूरी जानकारी जांच एजेंसी के पास मौजूद नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उनसे लिए गए मोबाइल फोन का IMEI नंबर भी सीबीआई के पास उपलब्ध नहीं है। अभिनेत्री के मुताबिक, जांच अधिकारियों के पास अधूरी जानकारी होने से मामले की पड़ताल प्रभावित हो सकती है। हालांकि, उनके इन दावों पर सीबीआई की आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।
जांच से जुड़े सवालों पर चर्चा तेज
अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड के चर्चित आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। अब सहारनपुर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर से हुई पूछताछ के बाद मामले की जांच एक बार फिर चर्चा में है। सीबीआई ने पूछताछ में क्या जानकारी हासिल की और आगे किन लोगों से सवाल किए जाएंगे, इस बारे में आधिकारिक विवरण सामने आना बाकी है।