DEMO PIC
लखनऊ में एक भयानक सड़क हादसे में एक शख्स की मौत हो गई. इस युवक को मोबाइल फोन पर बात करते हुए सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार कार ने इतनी तेज टक्कर मारी कि वह हवा में 8 फीट ऊपर उछल गया और सड़क पर गिरा. इस हादसे में युवक की मौत हो गई है.
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस ने मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, थाना कृष्णा नगर क्षेत्र के निवासी अनिल उपाध्याय जौनपुर के रहने वाले थे. वह विजय नगर में स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे. 17 जुलाई की सुबह मोबाइल पर बात करते हुए वह चौराहा पार कर रहे थे. इस दौरान आलमबाग की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोर से टक्कर मार दी. कार की टक्कर इतनी तेज थी कि वह हवा में 8 फीट उछल गए और सड़क पर गिरने से उनकी मौत हो गई.
मृतक के भाई की तरफ से आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
एसीपी कृष्णनागर स्वतंत्र सिंह के मुताबिक सीसीटीवी 17 जुलाई की है और युवक जिसकी मौत हुई है उसे टक्कर मारकर कुछ लोग भाग गए थे. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और नंबर प्लेट की मदद से हम आरोपियों को तलाशने की कोशिश कर रहे हैं और जल्दी ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी.