बुजुर्गों को बैंक से निकलते ही बनाता था निशाना, स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार
ऐसे पकड़ाया.
नई दिल्ली: द्वारका जिला पुलिस की एंटी-बर्गरी सेल ने बैंक से नकदी निकालने वाले लोगों खासकर बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले एक कुख्यात स्नैचर को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने 9 सितंबर को छावला इलाके में हुई स्नैचिंग की वारदात में शामिल होने की बात बताई है।
पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान दीपक उर्फ छोटे (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई रकम में से 40,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, छीनी गई रकम से खरीदा गया एक एलईडी टीवी भी जब्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि श्याम विहार फेज-II, दीनपुर, छावला, नजफगढ़ में 88 वर्षीय हरीश चंद से एक छोटा बैग छीना गया था। बैग में 80 हजार रुपये नकद, केनरा बैंक की चेकबुक और चश्मा रखा था। मामले में छावला थाने में केस दर्ज किया गया था।
द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देश पर सड़क अपराध और स्नैचिंग की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर बसंत कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल परवीन कुमार, हेड कांस्टेबल कृष्ण, हेड कांस्टेबल अनिल और कांस्टेबल आशीष की टीम ने एसीपी/ऑपरेशंस सुभाष मलिक की निगरानी में जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे करीब 100 से 125 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सामने आया कि वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए अपनी टी-शर्ट उतारकर कपड़े बदल लिए थे। सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी के साथ पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बैग, चेकबुक और चश्मा घटनास्थल से कुछ दूरी पर फेंक दिया था, जबकि 80 हजार रुपये अपने पास रख लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक जाकर नकदी निकालने वाले बुजुर्गों की पहचान करता और सुनसान स्थान मिलने पर उनका पीछा कर नकदी व अन्य सामान छीन लेता था। आरोपी ने 39,600 रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि 40,400 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। चेकबुक और चश्मे वाले बैग की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।