शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, बच्चे के जन्म के बाद युवक मुकरा
युवती ने लगाया यौन शोषण का आरोप
Muzaffarpur मुज़फ़्फ़रपुर: हथौड़ी थाना क्षेत्र से एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि युवक ने शादी का वादा कर लंबे समय तक संबंध बनाए, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद अब उसे अपनाने से इनकार कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, गांव के ही एक युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। बाद में युवक उसे दिल्ली ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। युवती का आरोप है कि जब वह गर्भवती हुई तो युवक ने उसे गांव लौट जाने के लिए कहा और बच्चे के जन्म के बाद शादी करने का वादा किया।
करीब एक महीने पहले युवती ने एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद जब युवक गांव लौटा तो पीड़िता अपने बच्चे के साथ उसके घर पहुंची और शादी करने की बात कही। आरोप है कि युवक ने उसे और बच्चे को अपनाने से मना कर दिया और घर से भगा दिया।
पीड़िता का कहना है कि युवक ने जाति का हवाला देते हुए शादी से इनकार किया। इसके बाद उसने स्थानीय हथौड़ी थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वह अपने बच्चे को लेकर तिरहुत रेंज के डीआईजी कार्यालय पहुंची और न्याय की मांग की। मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।