Lucknow लखनऊ: पुलिस ने खुद को फर्जी आईपीएस अधिकारी बताकर एक महिला को धमकाने और मुकदमे में समझौता कराने का दबाव बनाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिषेक उपाध्याय के रूप में हुई है, जो खुद को कभी पटना का आईजी तो कभी प्रयागराज का एसपी सिटी बताकर पीड़िता पर दबाव बना रहा था।
पुलिस के अनुसार, मामला पारा थाने में दर्ज एक केस से जुड़ा है, जिसकी विवेचना काकोरी थाना पुलिस कर रही थी। जांच के दौरान पीड़िता ने शिकायत दी कि उसे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार कॉल और मैसेज आ रहे थे। कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर मुकदमे में समझौता करने का दबाव डाल रहा था। आरोपी धमकी दे रहा था कि अगर समझौता नहीं किया गया तो उसकी नौकरी पर असर पड़ेगा और अन्य गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस करने और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान अभिषेक उपाध्याय के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की उम्र 21 वर्ष बताई जा रही है और वह मूल रूप से जौनपुर जिले के मछलीशहर थाना क्षेत्र के कुँवरपुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित एक लॉन परिसर में रह रहा था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जानबूझकर पुलिस अधिकारी बनकर पीड़िता को डराने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश कर रहा था। वह पुलिस के नाम और पद का दुरुपयोग करते हुए केस में समझौता कराने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति को भी निशाना बनाया था। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
Tags: