Jabalpur जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक मामूली लेन-देन के विवाद ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में 20 हजार रुपये के विवाद को लेकर दिनदहाड़े एक युवक की बीच सड़क पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय आशीष साहू के रूप में हुई है, जो शाहीनाका क्षेत्र का निवासी था। बताया जा रहा है कि आशीष और आरोपियों के बीच लंबे समय से 20 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पैसे को लेकर दोनों पक्ष संजीवनी नगर के अम्बा टेंट हाउस के पास आमने-सामने आए थे।
बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आधा दर्जन बदमाशों ने आशीष को घेर लिया और बीच सड़क पर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों की पहचान रोहन पटेल, आयुष श्रीपाल, निखिल श्रीपाल सहित अन्य साथियों के रूप में हुई है।
घटना का पूरा दृश्य पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें हमलावर युवक पर लगातार हमला करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोग दहशत में आकर मूकदर्शक बने रहे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल आशीष को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना संजीवनी नगर थाने से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags: