रेलवे स्टेशन पर हड़कंप, युवक ने ट्रेन के ऊपर चढ़कर मचाया बवाल
वीडियो भी सामने आया.
धनबाद: झारखंड में धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अचानक खड़ी ट्रेन के ऊपर चढ़ गया और हाई वोल्टेज ओवरहेड तारों को छूने की धमकी देने लगा. युवक की हरकतों को देखकर यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में दहशत फैल गई. कुछ ही मिनटों में स्टेशन परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई.
सुरक्षा कर्मियों को घटना की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना रेल अधिकारियों को दी गई. खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत मेन लाइन की बिजली आपूर्ति बंद करवाने का निर्णय लिया, ताकि किसी भी तरह की जानलेवा दुर्घटना से बचा जा सके. रेलवे तकनीकी टीम और आरपीएफ के जवानों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में करने की कोशिश शुरू की.
युवक लगातार उग्र हरकतें कर रहा था और बार-बार हाई-वोल्टेज तार को छूने की धमकी दे रहा था. सुरक्षा जवानों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह शराब के नशे में कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था. करीब आधे घंटे की समझाइश और सुरक्षा उपायों के बाद जवानों ने सुरक्षित तरीके से युवक को नीचे उतार लिया. भीड़ ने राहत की सांस ली.
धनबाद रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार युवक पूरी तरह नशे में था और उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसकी हरकत कितनी खतरनाक हो सकती है. अधिकारी ने बताया कि इस तरह की घटनाएं ट्रेन संचालन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं. युवक को नीचे उतारने के बाद रेलवे पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया. फिलहाल पुलिस उसकी पहचान के साथ-साथ उसके घर-परिवार और घटना की वजह के बारे में जानकारी जुटा रही है. उसकी मेडिकल जांच भी कराई जा रही है. घटना के बाद यात्रियों में डर का माहौल बना रहा. कई लोगों ने स्टेशन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की.