Khagaria: खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में एक होटल के कमरे में नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका के झुलसने का मामला सामने आया है। घटना रेलवे स्टेशन रोड स्थित आदर्श होटल की बताई जा रही है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक-युवती दरभंगा जिले के रहने वाले हैं और पिछले करीब छह महीने से एक-दूसरे के संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि दोनों शादी को लेकर बातचीत करने के लिए होटल पहुंचे थे। पहले वे कटिहार गए थे, लेकिन वहां कमरा नहीं मिलने के बाद खगड़िया पहुंचे और आदर्श होटल में कमरा लिया।
पुलिस के अनुसार, होटल के कमरे में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गए। घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। कमरे से चीख-पुकार सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल ले जाया गया।
युवक और युवती के बयान अलग-अलग
पुलिस को दिए बयान में युवक ने आरोप लगाया कि शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। युवक के मुताबिक, युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि वह इसके लिए तैयार नहीं था। युवक ने बताया कि घटना के समय युवती के मोबाइल पर लगातार फोन आ रहे थे, जिसके बाद उसने फोन साइलेंट कर दिया था। युवक का कहना है कि रात करीब तीन बजे जब उसकी नींद खुली और उसने वहां से जाने की बात कही, तभी युवती ने पेट्रोल डालकर उसके कपड़ों में आग लगा दी। युवक के अनुसार, जब उसने बाहर निकलने की कोशिश की तो युवती ने उसे पकड़ लिया, जिससे दोनों आग की चपेट में आ गए। वहीं युवती ने पुलिस को अलग जानकारी दी है। युवती का आरोप है कि युवक ने ही उसे आग लगाई और इसके बाद वहां से भागने की कोशिश कर रहा था। दोनों के अलग-अलग बयानों के बाद पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पेट्रोल और आग लगने की वजह की जांच
नगर थाना पुलिस होटल के कमरे की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कमरे में पेट्रोल कैसे पहुंचा और आग किस परिस्थिति में लगी। इसके अलावा घटना से पहले दोनों के बीच हुए विवाद और होटल में उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस होटल कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
Tags: