बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खाद बिक्री केंद्र से करीब डेढ़ लाख रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने पिता और बेटी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे और दुकानदार का ध्यान भटकाकर गल्ले से नकदी चोरी कर ली। घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच के आधार पर हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी इसी तरीके से अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
25 सितंबर को हुई थी चोरी की वारदात
मामला बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के जलीलपुर स्थित सहकारी क्रय-विक्रय समिति के खाद बिक्री केंद्र का है। केंद्र से करीब डेढ़ लाख रुपये चोरी होने के बाद संचालक विनोद कुमार ने 25 सितंबर को पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दुकानदार को बातों में उलझाने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी पिता योगेंद्र अपनी बेटी लक्ष्मी के साथ ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा था। आरोप है कि दोनों ने सामान खरीदने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौका पाकर नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से चले गए। दुकानदार को जब गल्ले से रुपये गायब होने की जानकारी मिली तो उसने पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गुनारसा गांव निवासी योगेंद्र और उसकी बेटी लक्ष्मी की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 30,200 रुपये और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई।
कई जिलों में चोरी की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बिजनौर के अलावा मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर में भी दुकानों से चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इन घटनाओं से जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। यह गिरफ्तारी अक्टूबर के पहले सप्ताह में हुई थी।
Tags: